त्यौहारी सीजन में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने निगम की कार्रवाई


भिलाईनगर। त्यौहारी सीजन को देखते हुए नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए जा रहे अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जोन-1 नेहरू नगर अंतर्गत जोन राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सड़क पर गणेश मूर्ति रखकर व्यवसाय करने वाले लोगों को हटाने की कार्रवाई की।
त्यौहारी सीजन में बाजार क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों पर नागरिकों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में सड़क किनारे दुकान, स्टॉल अथवा अन्य प्रकार की व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने से मार्ग संकरा होने के साथ ही यातायात प्रभावित होने की स्थिति निर्मित हो सकती है। इसे ध्यान में रखते हुए निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर रखी गई गणेश मूर्तियों एवं उनके आसपास किए जा रहे व्यवसाय को हटवाया। संयुक्त कार्रवाई के दौरान निगम के राजस्व अमले एवं पुलिस विभाग की टीम ने संबंधित व्यवसायियों को सड़क एवं आवागमन वाले स्थानों पर किसी भी प्रकार की सामग्री रखकर व्यापार नहीं करने की समझाइश दी। साथ ही सार्वजनिक मार्ग को बाधित नहीं करने तथा त्यौहारी सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने कहा गया।
नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया कि नागरिकों की सुविधा एवं सुगम यातायात को प्राथमिकता देते हुए प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण तथा आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। निगम ने व्यवसायियों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय करें और सड़क पर सामग्री रखकर यातायात व्यवस्था को बाधित न करें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *