भिलाई। ब्रजमंडल द्वारा गीता भवन, श्री राधा-कृष्ण मंदिर, सेक्टर-6 भिलाई में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। ब्रजमंडल की ओर से सांसद विजय बघेल का शाल-श्रीफल भेंटकर आत्मीय स्वागत किया गया।
महोत्सव में शिव शक्ति डांस एकेडमी की निदेशक श्रीमती सुनेयना के निर्देशन में बाल कलाकारों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित मनमोहक एवं भव्य झांकी प्रस्तुत की गई, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
इस अवसर पर मुनीश कुमार गोयल, गिरीश गुप्ता (अध्यक्ष), सूरज मंगला, प्रदीप वर्मा, वीरेन्द्र सिंह ठाकुर, राजेश कुमार, हरीश गोयल, राकेश कुमार यादववंशी, अतिवीर सिंह यादव, अखिलेश त्रिपाठी एवं अनिल कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।