SAIL ने अगस्त 2026 में दर्ज की बिक्री और उत्पादन में मजबूत वृद्धि; वित्तीय स्थिति हुई मजबूत


 

नई दिल्ली, 04 सितंबर, 2026: स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) ने अगस्त 2026 के साथ-साथ, अप्रैल-अगस्त 2026 की अवधि के लिए अपने विक्रय में एक मजबूत वृद्धि दर्ज की है। कंपनी ने अगस्त 2026 के दौरान, उत्पादन के मोर्चे पर भी एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए, हॉट मेटल, क्रूड स्टील और सेलेबल स्टील का अब तक के अगस्त माह का अपना सर्वश्रेष्ठ उत्पादन हासिल किया है। कंपनी ने अगस्त 2026 के दौरान, पिछले साल की इसी अवधि (CPLY) के मुकाबले क्रूड स्टील का उत्पादन 1.55 मिलियन टन से 8% बढ़ोतरी के साथ 1.68 मिलियन टन, हॉट मेटल का उत्पादन 1.63 मिलियन टन से 9% बढ़ोतरी के साथ 1.78 मिलियन टन तथा सेलेबल स्टील का उत्पादन 1.66 मिलियन टन से 1% की बढ़ोतरी के साथ 1.69 मिलियन टन दर्ज किया।

सेल ने अगस्त 2026 में टियर 1 और टियर 2 रिटेल चैनलों में उल्लेखनीय मांग के साथ कुल विक्रय मात्रा में साल-दर-साल (y-o-y) डबल-डिजिट की वृद्धि हासिल की। इस दौरान कुल विक्रय 1.871 मिलियन टन रही, जो पिछले साल की इसी अवधि के 1.654 मिलियन टन के आंकड़े से 13% अधिक है। कंपनी को कैश कलेक्शन में भी 23% की साल दर साल की जोरदार बढ़ोतरी हुई।

कंपनी ने कोल्ड रोल्ड, गैल्वेनाइज्ड और अलॉय स्टील्स सहित कई वैल्यू एडेड प्रोडक्ट श्रेणियों में अब तक की सर्वाधिक अगस्त बिक्री दर्ज की। इसके अलावा, इस महीने इन्वेंट्री में महत्वपूर्ण कमी देखी गई, जो कुशल आपूर्ति श्रृंखला समन्वय और बाजार को और तेजी से सेवा का संकेत देती है। अगस्त 2026 के दौरान, भारतीय रेलवे को रेल आपूर्ति 5% साल दर साल बढ़कर 1.23 लाख टन हो गई, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि में 1.18 लाख टन थी। कंपनी ने लॉन्ग रेल्स श्रेणी में, 1.12 लाख टन की आपूर्ति करके 11% साल दर साल की वृद्धि के साथ अब तक की उच्चतम आपूर्ति हासिल की। इस अवधि के दौरान, सेल ने 31.03.2026 के स्तर की तुलना में अपने उधारी (borrowings) को ₹870 करोड़ घटाकर अपनी वित्तीय स्थिति को और मजबूत किया।

अप्रैल – अगस्त 2026 की अवधि में भी यह गति जारी रही। वैश्विक अस्थिरता के बावजूद, SAIL की संचयी (cumulative) बिक्री CPLY के मुकाबले 5.6% की वृद्धि दर्ज करते हुए 7.71 मिलियन टन तक पहुंच गई। बेहतर उत्पाद मिश्रण, मजबूत क्षेत्रीय पहुंच और सुदृढ़ हुई घरेलू मांग के दम पर फिनिश्ड और प्रोसेस्ड स्टील सेगमेंट में अच्छी गति बनी रही। पांच महीनों की अवधि के लिए कैश कलेक्शन में भी वृद्धि दर्ज की गई, जो अनुशासित वाणिज्यिक प्रणालियों और समय पर ग्राहक भुगतान को दर्शाती है।

इस प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए, SAIL के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. ए.के. पंडा ने कहा, “अगस्त माह और साथ ही अप्रैल से अगस्त की अवधि के दौरान, कंपनी का प्रदर्शन हमारे प्रचालन क्षमता और वाणिज्यिक वितरण (Commercial Delivery) और वित्तीय अनुशासन के बीच बढ़ते हुए तालमेल को दर्शाता है। कंपनी का रिकॉर्ड उत्पादन, विक्रय में तेजी, अनुशासित वित्तीय प्रबंधन मिलकर कंपनी के मजबूत होते आधार को रेखांकित करते हैं। विस्तारीकरण से जुड़ी परियोजनाओं में प्रगति और बाजार में अच्छी मांग रहने के कारण, SAIL भारत में स्टील की खपत की कहानी में सार्थक योगदान देते हुए, अपनी तरक्की को और तेज करने के लिए पूरी तरह तैयार है।”

SAIL/PR/15/26-27 दिनांक: 04.09.2026


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *