विधायक ने महापौर नीरज पाल को लिखा पत्र, कहा- जनसेवा के योगदान को मिले सम्मान

भिलाई। लगातार पांच बार पार्षद रहकर भिलाई की जनता की आवाज को सदन से लेकर शासन तक पहुंचाने वाले स्व. बशिष्ट नारायण मिश्रा की स्मृति को स्थायी रूप से संजोने की पहल शुरू हो गई है। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने महापौर नीरज पाल को पत्र लिखकर मौर्या टॉकीज से टाउनशिप को जोड़ने वाले अंडरब्रिज का नाम स्व. बशिष्ट नारायण मिश्रा के नाम पर करने की मांग की है। आयुक्त क़ो प्रतिलिपि भेज कर जल्द पहले करने कहा है।
विधायक देवेंद्र यादव ने पत्र में कहा है कि वार्ड क्रमांक 54 (सेक्टर-1 दक्षिण) के पार्षद रहे स्व. मिश्रा का 26 अगस्त को आकस्मिक निधन हो गया। उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में लगातार पांच बार पार्षद के रूप में क्षेत्र की जनता का प्रतिनिधित्व किया। भिलाई के सर्वांगीण विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के साथ ही उन्होंने आम जनता की समस्याओं को स्थानीय और राज्य शासन के समक्ष लगातार पहुंचाया।
देवेंद्र यादव ने कहा कि स्व. बशिष्ट नारायण मिश्रा हमेशा आमजनों के बीच रहकर उनकी सेवा करते रहे। अपने कार्यों और जनसरोकारों के चलते उन्होंने समाज और भिलाई में अपनी अलग पहचान बनाई। ऐसे जनप्रतिनिधि की स्मृति को सम्मान देना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
विधायक ने महापौर से आग्रह किया है कि मौर्या टॉकीज अंडरब्रिज का नाम स्व. बशिष्ट नारायण मिश्रा के नाम पर किए जाने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जाए। इससे उनके सार्वजनिक जीवन और भिलाई के विकास में दिए योगदान की स्मृति लंबे समय तक शहर से जुड़ी रहेगी।