“प्रोत्साहन” प्रतिभा सम्मान समारोह 2024-25 का आयोजन


 

भिलाई इस्पात संयंत्र के शिक्षा विभाग द्वारा बी.एस.पी. में कार्यरत ठेका कर्मियों के मेधावी बच्चों की शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के उद्देश्य से “प्रोत्साहन–प्रतिभा सम्मान समारोह 2024-25” का आयोजन 25 अगस्त 2026 को महात्मा गाँधी कला मंदिर, सिविक सेंटर में भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार के मुख्य आतिथ्य में किया गया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में महाप्रबंधक प्रभारी (नगर सेवाएँ एवं सीएसआर) श्री ए.बी. श्रीनिवास; महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन) श्री संजय द्विवेदी; महाप्रबंधक (मानव संसाधन–औद्योगिक संबंध एवं ठेका श्रमिक प्रकोष्ठ) श्री राजीव कुमार तथा महाप्रबंधक (शिक्षा) श्रीमती शिखा दुबे उपस्थित थीं। इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारी, ओ.ए. के पदाधिकारी एवं सदस्य, यूनियन प्रतिनिधि, एस.सी./एस.टी. एसोसिएशन के पदाधिकारी, मीडियाकर्मी, पुरस्कार विजेता विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक भी उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का पौधे भेंट कर स्वागत किया गया। बी.एस.पी. इंग्लिश मीडियम मिडिल स्कूल, सेक्टर-6 के विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए महाप्रबंधक प्रभारी (नगर सेवाएँ एवं सीएसआर) श्री ए.बी. श्रीनिवास ने “प्रोत्साहन” योजना के उद्देश्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भिलाई इस्पात संयंत्र की “प्रोत्साहन” योजना का उद्देश्य ठेका श्रमिकों के बच्चों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित करना तथा उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रेरित करना है, जिन्होंने विगत दो वर्षों में कम से कम तीन माह की सेवा अवधि पूर्ण की है। योजना के अंतर्गत कक्षा 8वीं, 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया जाता है। इस वर्ष पुरस्कार हेतु टाउनशिप क्षेत्र से 260 तथा माइंस क्षेत्र से 22 आवेदन प्राप्त हुए।

समारोह के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इस प्रकार के योग्यता पुरस्कार विद्यार्थियों को कठिन परिस्थितियों पर विजय प्राप्त कर बेहतर प्रदर्शन करने तथा जीवन में निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रेरित करते हैं। उन्होंने पुरस्कार विजेताओं से जिम्मेदार नागरिक बनने तथा भिलाई की समृद्ध एवं गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने “प्रोत्साहन” कार्यक्रम को ठेका कर्मियों के मेधावी बच्चों के लिए भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन की एक अभिनव एवं सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से प्रबंधन की सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से परिलक्षित होती है। यह पहल विद्यार्थियों के वर्तमान को बेहतर बनाते हुए उनके उज्ज्वल एवं सुनहरे भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करती है।

सत्र 2024-25 में कक्षा 8वीं, 10वीं एवं 12वीं में 50 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः ₹5,000, ₹8,000 एवं ₹10,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। समारोह में कुल 180 चयनित विद्यार्थियों को ₹13,80,000 की पुरस्कार राशि वितरित की गई। इनमें टाउनशिप क्षेत्र के 55 विद्यार्थी कक्षा 8वीं से, 54 विद्यार्थी कक्षा 10वीं से तथा 55 विद्यार्थी कक्षा 12वीं से शामिल हैं। इसके अतिरिक्त माइंस क्षेत्र के 16 विद्यार्थी भी इस सम्मान से लाभान्वित हुए।
इस अवसर पर पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में से भावना यादव (कक्षा 12वीं), तन्मय राउत (कक्षा 12वीं) एवं विधि लोधी (कक्षा 10वीं) ने अपने अनुभव एवं विचार सदन के समक्ष साझा किए। विद्यार्थियों ने इस पहल के लिए भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत विकास के लिए प्रेरणादायी बताया।

समारोह के अंत में महाप्रबंधक (शिक्षा) श्रीमती शिखा दुबे ने अतिथियों, पुरस्कार विजेताओं, अभिभावकों एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने पुरस्कृत विद्यार्थियों की सफलता में प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी शिक्षकों, अभिभावकों एवं मार्गदर्शकों के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त की।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षिका, एस.एस.एस. सेक्टर-10 श्रीमती रश्मि मिश्रा एवं वरिष्ठ शिक्षिका, बी.एस.पी. इंग्लिश मीडियम मिडिल स्कूल, सेक्टर-9 श्रीमती महुआ चटर्जी द्वारा किया गया।

————————


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *