
दुर्ग :- रेडियो श्रोता दिवस के अवसर पर भिलाई में दो दिवसीय अखिल भारतीय रेडियो श्रोता सम्मेलन का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ रेडियो श्रोता संघ द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में देशभर से रेडियो उद्घोषक और श्रोता शामिल हुए। सम्मेलन में रेडियो से जुड़ी अपनी यादें और अनुभव साझा किए गए।
सम्मेलन के समापन अवसर पर दुर्ग सांसद विजय बघेल भी शामिल हुए। उन्होंने देशभर से पहुंचे रेडियो श्रोताओं को संबोधित करते हुए कहा कि रेडियो को लोकप्रिय बनाने में जितना योगदान उद्घोषकों का रहा है, उतना ही महत्वपूर्ण योगदान रेडियो श्रोताओं का भी है। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रोताओं को सम्मानित किया गया।
विजय बघेल ने दूरदर्शन समाचार से चर्चा के दौरान रेडियो से जुड़े अपने पुराने अनुभव साझा करते हुए कहा कि रेडियो का महत्व पहले भी था, आज भी है और भविष्य में भी बना रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने विचार और संदेश देशवासियों तक पहुंचाने के लिए रेडियो को माध्यम बनाया और ‘मन की बात’ के जरिए करोड़ों लोगों से संवाद किया.
सम्मेलन के संयोजक एवं छत्तीसगढ़ रेडियो श्रोता संघ के संरक्षक अशोक बजाज ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य रेडियो के प्रति लोगों के जुड़ाव को बनाए रखना और श्रोताओं के बीच रेडियो की लोकप्रियता को जीवंत रखना है।
दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देकर समां बांधा। वहीं, पुराने दौर में इस्तेमाल किए जाने वाले रेडियो सेटों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे रेडियो प्रेमियों ने इस आयोजन के जरिए रेडियो से जुड़ी अपनी पुरानी यादों को एक बार फिर जीवंत किया।