पर्यावरण संरक्षण की दिशा में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के निरंतर प्रयास !


वृक्षारोपण और जल संरक्षण से बढ़ रही हरियाली, बिलासपुर रेल क्षेत्र की हरित छटा बनी आकर्षण का केंद्र…
बिलासपुर/रायपुर – 20अगस्त,2026
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार और जल संसाधनों के संरक्षण के लिए वर्षभर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। रेलवे द्वारा पर्यावरण संरक्षण को केवल किसी विशेष दिवस तक सीमित न रखते हुए विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों के माध्यम से हरित एवं टिकाऊ रेल परिवेश विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
तीन वर्षों में 6 लाख से अधिक पौधों का रोपण
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में रेलवे परिसरों, कॉलोनियों एवं उपलब्ध खाली स्थानों पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कर हरित क्षेत्र का विस्तार किया जा रहा है। पिछले तीन वर्षों में 6 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया गया है।
इन प्रयासों का सुंदर उदाहरण बिलासपुर का रेलवे क्षेत्र है, जहां रेलवे कॉलोनियों एवं विभिन्न रेल परिसरों में चारों ओर दिखाई देने वाली घनी हरियाली और वृक्षों की कतारें इस क्षेत्र को एक प्राकृतिक ‘ऑक्सीजोन’ जैसा स्वरूप प्रदान करती हैं। यह हरियाली रेलवे परिसर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुखद वातावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
तालाबों के निर्माण एवं पुनर्विकास से जल संरक्षण को बढ़ावा
पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जल संसाधनों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वर्षाजल के संचयन एवं भू-जल पुनर्भरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेलवे परिसरों में नए तालाबों का निर्माण तथा पुराने तालाबों का पुनर्विकास एवं नवीनीकरण किया जा रहा है।
पिछले पांच वर्षों में 17 नए तालाबों का निर्माण तथा 04 तालाबों का नवीनीकरण किया गया है। इन जल संरचनाओं के माध्यम से वर्षाजल का बेहतर संचयन, भू-जल स्तर को बनाए रखने तथा जल संसाधनों के संरक्षण में मदद मिल रही है।
हरित एवं सतत रेल परिवेश की दिशा में प्रतिबद्धता
वृक्षारोपण, हरित क्षेत्र के विस्तार और जल संरक्षण के लिए किए जा रहे ये प्रयास दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की ‘हरित रेलवे’ और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। इन पहलों से न केवल रेलवे परिसरों का पर्यावरण बेहतर हो रहा है, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे पर्यावरण संरक्षण को अपनी सतत जिम्मेदारी मानते हुए हरियाली बढ़ाने, जल संरक्षण को प्रोत्साहित करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *