Blog

मंत्री गजेन्द्र यादव ने खेत पहुंचकर चलाया ट्रैक्टर, शुरू कराये रोपाई कार्य


 मंत्री बनने के बाद भी गजेन्द्र यादव को अपनी संस्कृति व माटी से है जुड़ाव

दुर्ग। प्रदेश में मानसून की अच्छी बारिश के बाद खेती-किसानी का कार्य तेज हो गया है। इसी क्रम में दुर्ग शहर विधायक एवं प्रदेश के शिक्षा, ग्रामोद्योग तथा विधि-विधायी मंत्री श्री गजेन्द्र यादव शुक्रवार को अपने गृहग्राम अहिवारा के समीप स्थित माटरा गांव के खेत पहुंचे और किसानों के साथ खेती के कार्यों में शामिल हुए।
केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने स्वयं ट्रैक्टर चलाकर धान रोपाई से पहले खेत की मताई की तथा लगभग दो एकड़ खेत को रोपाई के लिए तैयार किया। उन्होंने खेत का निरीक्षण कर खाद की उपलब्धता और खेती की तैयारियों की जानकारी ली तथा समय पर निंदाई-गुड़ाई करने की सलाह दी। इसके बाद खेत में धान रोपाई का कार्य प्रारंभ कराया।
केबिनेट मंत्री श्री यादव ने कहा कि व्यक्ति चाहे किसी भी पद पर पहुंच जाए, उसे अपनी माटी, संस्कृति और मूल कार्य को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं किसान परिवार से हूं। खेती-किसानी हमारे जीवन का आधार है। समय मिलने पर आज भी खेत में जाकर खेती के कार्यों में भाग लेता हूं।”
मंत्री बनने के बाद भी श्री गजेन्द्र यादव अपनी खेती की स्वयं देखरेख करते हैं और हर वर्ष खेती के कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लेते हैं। उनका मानना है कि किसानों की मेहनत और खेती का महत्व समझने के लिए खेत से जुड़ाव बनाए रखना आवश्यक है।
किसान परिवार से होने के कारण श्री यादव किसानों की समस्याओं और आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझते हैं। खेत में किसानों के साथ उनकी सहभागिता छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और कृषि परंपरा के प्रति उनके आत्मीय जुड़ाव को भी दर्शाती है।