स्वच्छ ऊर्जा और बिजली बिल राहत का संकल्प: सीएसपीडीसीएल ने प्रज्वलित किया ‘आशीर्वाद का दीया’


अब सेवा सेतु शिविरों से घर-घर पहुंचेगी सोलर और विद्युत योजनाओं की जानकारी
दुर्ग, 17 सितंबर 2026 – प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत घरेलू उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रेरित करने तथा बिजली उपभोक्ताओं को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से सीएसपीडीसीएल दुर्ग के क्षेत्रीय मुख्यालय परिसर में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया गया।
दुर्ग क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक श्री शिरीष सेलट के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दीप प्रज्वलित कर स्वच्छ ऊर्जा, ऊर्जा संरक्षण, उपभोक्ता जागरूकता और जनभागीदारी का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के साथ मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान तथा मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की जानकारी भी अधिकाधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। श्री सेलट ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल द्वीप प्रज्वलन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि ऊर्जा के बेहतर उपयोग, स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने तथा उपभोक्ताओं को उनके लिए संचालित योजनाओं से जोड़ने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से घरेलू उपभोक्ताओं को अपने घरों की छत पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान के माध्यम से घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के माध्यम से पात्र उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिल के समाधान के लिए राहत एवं सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्देशित किया कि इन सभी योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में उपभोक्ताओं तक पहुंचाई जाए, ताकि पात्र उपभोक्ता समय पर पंजीयन कराकर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
सीएसपीडीसीएल के निर्देशानुसार दिनांक 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक विकासखंड स्तर पर ‘सेवा सेतु शिविर’ आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में घरेलू उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान तथा मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना सहित उपभोक्ता हित से जुड़ी योजनाओं की जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को यह भी बताया जाएगा कि वे अपनी पात्रता के अनुसार उपलब्ध योजनाओं का लाभ कैसे प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री एस.मनोज, अधीक्षण अभियंता श्री आर.के.श्रीवास्तव एवं श्री तरुण ठाकुर सहित दुर्ग क्षेत्र के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *